NEWS PR डेस्क : बिहार के लोगों को दिन के समय धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात होते ही ठंड का असर फिर से बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और शाम के समय ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है। कश्मीर में हो रही बर्फबारी और देश के कई हिस्सों में बारिश का असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है, जिसके चलते पछुआ हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हुआ है।
राजधानी पटना की बात करें तो सुबह से धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। कुहासे के असर में कमी आने से सड़कों पर वाहन चालकों को भी सहूलियत मिली है और वाहनों की रफ्तार सामान्य होती दिख रही है। हालांकि, कोहरे के प्रभाव के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या अभी भी बनी हुई है।
वहीं मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे ठंड के असर में कमी आने की संभावना है।