बेतिया में शादी की खुशियां मातम में बदली, जयमाला से पहले दूल्हे की मौत

जिस मंडप में बजने थे शहनाई, वहां गूंज उठी मातम की चीखें...

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के मझौलिया क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार, सरिसवा बाजार के भरवलिया गांव से बारात रामगढ़वा स्थित राम-जानकी मंदिर पहुंची थी। 25 वर्षीय दूल्हा शक्तिनाथ शर्मा की शादी रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से तय थी लेकिन जयमाला से ठीक पहले दूल्हे को अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत हुई और उसकी हालत गंभीर हो गई।


परिजन तुरंत उसे रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी का पूरा माहौल गम में बदल गया और बारात बिना विवाह के ही लौट गई।
गांव में पसरा मातम
शुक्रवार सुबह जैसे ही दूल्हे का शव भरवलिया गांव पहुंचा, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुटे। इस दुखद घटना के कारण सभी मांगलिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। घटना के बाद कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर ओझा-गुनी जैसी बातों पर चर्चा कर रहे हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया है।पश्चिम चंपारण मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article