NEWS PR डेस्क :बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रचार का शोर बुधवार शाम थम गया। अब शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर बैलेट बॉक्स पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का काम गुरुवार तक पूरा कर लिया जाएगा।
इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव के लिए शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 5,32,547 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें करीब 4.92 लाख स्नातक और 40 हजार शिक्षक मतदाता शामिल हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबले पर नजर
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सारण, पटना, तिरहुत और दरभंगा सीटों पर प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: यहां जदयू के आनंद पुष्कर का मुकाबला जनसुराज के वर्तमान विधान पार्षद अफाक अहमद और राजद के जयराम यादव से है। रालोमो से निलंबित रामपुकार सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के बाद मुकाबले की तस्वीर बदल गई है। पिछले चुनाव में अफाक अहमद ने आनंद पुष्कर को हराया था।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: इस सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार और भाजपा के नवल किशोर यादव के बीच मुख्य मुकाबला है। जनसुराज की दिव्या ज्योति और कांग्रेस के संजय कुमार भी चुनाव मैदान में हैं।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: यहां भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संजय कुमार के बीच मुकाबला है। जनसुराज के श्यामनंद यादव भी अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: इस सीट पर कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, जदयू के घनश्याम रॉय और राजद के कुमर राऊत के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
स्नातक सीटों पर भी कांटे की टक्कर
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना सीट सबसे अधिक चर्चा में है। यहां जदयू के नीरज कुमार के सामने अनुज सिंह चुनाव मैदान में हैं, जिन्हें जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने की बात कही गई है। राजद की ओर से छात्र नेता दिलीप कुमार भी मुकाबले में हैं।
तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी, जदयू के अभिषेक झा और राजद की रश्मि विनायक के बीच मुकाबला होगा।दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के अनिल कुमार झा, भाजपा के सर्वेश कुमार और कांग्रेस के रजनीकांत पाठक अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।वहीं, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनके यादव, राजद के नीतेश कुमार और कांग्रेस के मनोज कुमार के बीच मुकाबला होने की संभावना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों की ओर से 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किए जाएंगे। मतदाताओं की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर भी उपलब्ध रहेगा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों को गुरुवार को ही रवाना किया जाएगा। अब सभी की नजर शुक्रवार को होने वाले मतदान और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर टिकी है। इन चुनावों के परिणाम बिहार की राजनीतिक सरगर्मी के लिहाज से भी अहम माने जा रहे हैं।