वंदे भारत में यात्री के दही में निकले कीड़े,रेलवे ने IRCTC पर 10 लाख और कैटरर पर 50 लाख का लगाया जुर्माना

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता को लेकर सामने आई गंभीर शिकायत के बाद रेल मंत्रालय ने कड़ा कदम उठाया है। यात्रियों को दिए गए दही में कीड़े मिलने के मामले में Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) पर 10 लाख रुपये और संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

यह मामला 15 मार्च 2026 का बताया जा रहा है, जब ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने दही में कीड़े मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल होने के बाद रेल यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया और प्रीमियम ट्रेनों में दी जा रही सेवाओं पर सवाल उठने लगे।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद रेल मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कैटरिंग कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया। साथ ही कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रेलवे ने साफ किया है कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों से बेहतर सेवा के लिए अतिरिक्त किराया लिया जाता है, ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं किया जा सकता।

मंत्रालय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बेस किचन और ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की नियमित और सख्त जांच की जाए। रेलवे का कहना है कि यात्री सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी किसी भी लापरवाही पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article