रॉन्ग साइड कार ने साइकिल सवार को मारी भीषण टक्कर, 9 सेकंड का CCTV फुटेज दहला देने वाला

Puja Srivastav

NEWSPR डेस्क। भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन रोड पर रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने राहगीरों को झकझोर कर रख दिया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने साइकिल से जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक साइकिल समेत हवा में उछलकर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा।

इस सनसनीखेज हादसे का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखता है कि महज 9 सेकंड के भीतर तेज रफ्तार कार किस तरह साइकिल सवार युवक को कुचलते हुए सड़क पर पटक देती है। हादसा इतना खतरनाक था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार भागलपुर के किसी डॉक्टर की बताई जा रही है। कार का एयरबैग खुलने से चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी-मौत से जूझ रहा है।

हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायल युवक की मदद में जुटे रहे, लेकिन घटना के करीब एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। फिलहाल यह हादसा शहर में बढ़ती रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तेज रफ्तार और लचर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Share This Article