NEWS PR डेस्क : बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम शुक्रवार शाम पटना पहुंचीं और अपने दौरे की शुरुआत धार्मिक स्थलों के दर्शन से की। सबसे पहले वह पटना साहिब स्थित ऐतिहासिक तख्त श्री हरमंदिर पटना साहिब गुरुद्वारे पहुंचीं। यहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेका, अरदास में शामिल हुईं और सुख-शांति की कामना की। अभिनेत्री के पहुंचने की खबर मिलते ही गुरुद्वारा परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी उत्सुकता नजर आई।

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से यामी गौतम का स्वागत किया गया। कमेटी के सदस्यों ने उन्हें सिरोपा और गुरु साहब का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान यामी गौतम के चेहरे पर खुशी और श्रद्धा साफ नजर आई। उन्होंने गुरुद्वारे में कुछ समय बिताया और वहां की धार्मिक परंपराओं में श्रद्धा के साथ शामिल हुईं।
गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली है पटना साहिब
तख्त श्री हरमंदिर पटना साहिब सिख धर्म के प्रमुख तख्तों में से एक है। यह सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली है। देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और अरदास के लिए पहुंचते हैं। पटना साहिब गुरुद्वारे में दर्शन के बाद यामी गौतम बड़ी पटन देवी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और मंदिर में आशीर्वाद लिया। मंदिर के महंत विजय शंकर गिरी ने यामी गौतम को प्रसाद और मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
यामी गौतम हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं। टेलीविजन से अभिनय की शुरुआत करने के बाद उन्होंने फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाई। ‘विकी डोनर’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘बाला’, ‘ए थर्सडे’, ‘ओएमजी 2’ और ‘आर्टिकल 370’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया है।