NEWS PR डेस्क: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक कथित रूप से हाथ में पिस्टल लेकर पुलिस टीम के सामने पहुंच गया और पुलिसकर्मियों को धमकाने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पुलिस अधिकारियों के सामने बैठकर लगातार आक्रामक व्यवहार करता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बलौटी गांव का है। बताया जा रहा है कि युवक की पहचान भरत तिवारी के रूप में हुई है। घटना के दौरान वह हाथ में पिस्टल लेकर पुलिस टीम के सामने बैठा रहा और पुलिसकर्मियों को धमकियां देता रहा।
पुलिस को देता रहा चुनौती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बार-बार पुलिस पर सवाल उठाते हुए कह रहा था कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती और उसे हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी लगातार उसे शांत कराने और आत्मसमर्पण के लिए समझाने का प्रयास करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए थानाध्यक्ष ने अन्य पुलिसकर्मियों को भी संयम बरतने और पीछे हटने का निर्देश दिया, ताकि मामला और न बिगड़े। घटना का लगभग सात मिनट लंबा वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखी जा सकती है।
फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इसके बाद आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली युवक के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट
