NEWS PR डेस्क: पटना सिटी के मालसलामी थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 80 लाख रुपए मूल्य का प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो कफ सिरप को तेजपत्ता और मिर्च के बोरे में छुपाकर डाक पार्सल गाड़ी के माध्यम से ला रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नगला के नजदीक की घेराबंदी की और 5 बोलेरो पिकअप से 4500 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। इसी आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
जांच में सामने आया है कि यह पूरा कंसाइनमेंट हिमाचल प्रदेश से लाया गया था तथा कटिहार में सप्लाई की योजना थी। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है, क्योंकि आशंका है कि इसका संचालन देशव्यापी तस्करी नेटवर्क के माध्यम से किया जा रहा था।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान- मुकेश कुमार, वैशाली, गुड्डू कुमार, वैशाली, मोहम्मद रहीम, कटिहार, सूर्य प्रकाश, कटिहार, मिथिलेश कुमार, सहरसा एवं मोहम्मद सागर, कटिहार कटिहार के रहने वाले के रूप में हुई हैं.