NEWS PR डेस्क: राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के परिवार की राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। पत्नी स्नेहलता कुशवाहा और बेटे दीपक प्रकाश के बाद अब उनकी बहू साक्षी मिश्रा कुशवाहा की बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी ने सियासी गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। हाल के दिनों में साक्षी लगातार जनता के बीच नजर आ रही हैं, जिससे उनके राजनीति में प्रवेश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब तक खुद को परिवारवाद से दूर बताने वाले उपेंद्र कुशवाहा ने पहले अपनी पत्नी स्नेहलता कुशवाहा को सासाराम से विधायक बनाया, फिर बेटे दीपक प्रकाश को बिहार सरकार में मंत्री पद तक पहुंचाया। अब बहू साक्षी मिश्रा की सक्रियता को राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। भले ही फिलहाल कोई चुनाव सामने न हो, लेकिन राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि साक्षी की यह सार्वजनिक भागीदारी यूं ही नहीं है।
चर्चा यह भी है कि स्नेहलता कुशवाहा और दीपक प्रकाश को राजनीति में स्थापित करने में साक्षी मिश्रा की अहम भूमिका रही है। अब जब कुशवाहा परिवार के राजनीतिक भविष्य को लेकर समीकरण बन रहे हैं, तो साक्षी की बढ़ती मौजूदगी को एक सोची-समझी तैयारी माना जा रहा है।
यह सियासी चर्चा ऐसे समय में तेज हुई है जब उपेंद्र कुशवाहा का राज्यसभा कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होने वाला है। वहीं, मंत्री बने रहने के लिए दीपक प्रकाश को 20 मई से पहले विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना अनिवार्य है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि सीटों की गणित को देखते हुए बीजेपी उपेंद्र कुशवाहा पर दबाव बना सकती है कि वे या तो अपनी राज्यसभा सीट को प्राथमिकता दें या बेटे के लिए विधान परिषद की सीट सुनिश्चित करें।
साक्षी मिश्रा कुशवाहा पहली बार उस समय चर्चा में आई थीं जब वे सास स्नेहलता कुशवाहा के सासाराम विधानसभा चुनाव प्रचार में खुलकर मैदान में उतरी थीं। इसके बाद दीपक प्रकाश के मंत्री बनने के बाद वे उनके साथ सामाजिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में लगातार नजर आने लगीं।
हाल ही में दही-चूड़ा के मौके पर कुशवाहा के पैतृक गांव में आयोजित भोज में साक्षी न केवल भोजन परोसती दिखीं, बल्कि मंच संचालन से लेकर माला और माइक संभालते हुए भी पूरी सहजता में नजर आईं। पार्टी दफ्तर में लाल बहादुर शास्त्री और ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। वहीं, आरएसएस के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार के उपेंद्र कुशवाहा के आवास पहुंचने के दौरान हुई मुलाकात में भी साक्षी की सक्रियता चर्चा का विषय रही।
बताया जाता है कि साक्षी मिश्रा उत्तर प्रदेश के एक सेवानिवृत्त अधिकारी की बेटी हैं और उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश से लव मैरिज की है। साक्षी और दीपक प्रकाश को बिहार का सबसे चर्चित राजनीतिक कपल माना जाता है। एक ओर जहां चिराग पासवान और निशांत कुमार जैसे दिग्गज नेताओं के बेटे अभी अविवाहित हैं, वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। ऐसे में साक्षी मिश्रा कुशवाहा की लगातार बढ़ती सक्रियता बिहार की राजनीति में एक अलग तस्वीर पेश करती है।
कुल मिलाकर, उपेंद्र कुशवाहा के परिवार की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच बहू साक्षी मिश्रा कुशवाहा की सार्वजनिक मौजूदगी नए सियासी संकेत दे रही है और यदि आने वाले समय में साक्षी मिश्रा कुशवाहा की राजनीति में औपचारिक एंट्री होती है, तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी।