उदित नारायण विवादों में, पहली पत्नी ने महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने सुपौल महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए उदित नारायण, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रंजना का दावा है कि इलाज के बहाने उनके साथ साजिश रची गई और उनकी जानकारी व सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया।

‘इलाज के नाम पर रची गई साजिश’

शिकायत में रंजना झा ने आरोप लगाया है कि वर्ष 1996 में उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया था। उनका कहना है कि वहां बिना उनकी सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। रंजना के मुताबिक, इस बारे में उन्हें काफी समय बाद तब जानकारी मिली, जब वह किसी अन्य स्वास्थ्य कारण से दोबारा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने इस घटना को “पूर्व नियोजित साजिश” बताया है। उनका कहना है कि इस घटना ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया।

1984 में हुई थी शादी

रंजना झा ने बताया कि उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को पूरे रीति-रिवाज के साथ उदित नारायण से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उदित नारायण अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई चले गए। उनके अनुसार, समय के साथ दोनों के बीच दूरी बढ़ती गई। बाद में मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए उन्हें उदित नारायण की दूसरी शादी की जानकारी मिली। जब उन्होंने इस संबंध में सवाल उठाए तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

उत्पीड़न और वादाखिलाफी के आरोप

रंजना ने अपनी शिकायत में उत्पीड़न और वादाखिलाफी के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझते हुए उन्होंने न्याय की उम्मीद में थाने का दरवाजा खटखटाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में उदित नारायण या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share This Article