राघोपुर नाव हादसा: तेजस्वी यादव ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए दर्दनाक नाव हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा है। रामपुर श्यामचंद में हुए इस हादसे में 13 बच्चों की मौत की खबर से लोग स्तब्ध हैं। घटना पर राघोपुर विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।

तेजस्वी यादव ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बच्चों को खोने वाले परिवारों के दुख में वह उनके साथ खड़े हैं। दिल्ली में रहने के दौरान घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की। तेजस्वी ने कहा कि पटना पहुंचते ही वह राघोपुर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
NDRF-SDRF की टीम भेजने की अपील
तेजस्वी यादव ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से बात की है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए NDRF और SDRF की टीमें भेजने का आग्रह किया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अधिकतम सहायता उपलब्ध कराने की अपील भी की।
भोज खाने जा रहे लोगों की नाव पलटी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात रामपुर श्यामचंद पंचायत में कुछ लोग नाव से ढाब के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव पलट गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। 13 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है।
PM और CM ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है

Share This Article