NEWS PR डेस्क: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। एनआईसी दरभंगा से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी वरीय अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी ऑनलाइन जुड़े। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय और सतर्क रहें।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
डीएम ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने जानकारी दी कि भीड़-भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और पुलिस केंद्र को समय पर अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।
शांति समिति के साथ समन्वय
अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।