समस्तीपुर के लीडर इंस्टीट्यूट में रंगों की छटा, उत्साह के साथ मनी होली

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: समस्तीपुर। लीडर इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन परिसर में होली का पर्व उल्लास और पारंपरिक रंगों के बीच मनाया गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर रंगों के इस त्योहार को भाईचारे और सामूहिकता के प्रतीक के रूप में सेलिब्रेट किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। विद्यार्थियों ने होली गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत किए और पारंपरिक वेशभूषा में भारतीय संस्कृति की विविध झलकियां पेश कीं।

संस्थान की चेयरपर्सन मोनी रानी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के लिए भी जरूरी हैं। उन्होंने होली को सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व बताते हुए सभी को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं और मिठाइयों का वितरण किया गया। पूरे परिसर में सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे पारंपरिक मूल्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखेंगे। उत्साहपूर्ण माहौल में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article