NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार(5 मार्च) को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है और मुख्यमंत्री पद भाजपा के खाते में जा सकता है।
वहीं यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री कराई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देकर बिहार की राजनीति में नई भूमिका दी जा सकती है।
गौरतलब है कि 75 वर्षीय नीतीश कुमार अब तक 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं और लंबे समय से बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे हैं। ऐसे में अमित शाह के इस दौरे और राज्यसभा नामांकन को लेकर बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।