NEWS PR डेस्क : नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह का पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल, क्या छोड़ेंगे विधायकी
बिहार की राजनीति इन दिनों तेज हलचल और नए समीकरणों के दौर से गुजर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि वे जल्द ही दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से संकेत दिए कि बिहार में नई सरकार बनने वाली है और राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। इस घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज़ हो गई है।
इसी बीच, मोकामा के जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।दरअसल, एक पुराने इंटरव्यू में अनंत सिंह ने कहा था कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे, तो वे अपनी विधायकी से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा था: हां, बिल्कुल छोड़ देंगे। जब तक वह हैं, तब तक हम हैं; वह नहीं रहेंगे तो हम भी नहीं रहेंगे।”साथ ही, जब उनसे पूछा गया कि अगर एनडीए किसी परिस्थिति में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटा देती है, तो उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी, तो उन्होंने सीधे शब्दों में कहा:
“हमरो अपन ऐलान है। नीतीश जी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे तो विधायक भी हम नहीं रहेंगे। रिजाइन कर देंगे। इनके ही रीजन में हम विधायक हैं। वह हटे तो हम भी विधायक नहीं रहेंगे, घर में बैठ जाएंगे।”इस बयान से साफ झलकता है कि अनंत सिंह अपनी राजनीतिक पहचान और ताकत को पूरी तरह नीतीश कुमार से जोड़कर देखते हैं। उनके लिए नीतीश कुमार का नेतृत्व किसी कसौटी की तरह है, और वे उनके पद पर बने रहने को अपनी राजनीति से जोड़कर ही समझते हैं।
अब जबकि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम की चर्चा तेज हो चुकी है, अनंत सिंह का यह पुराना बयान फिर से सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर उनके इंटरव्यू की रील्स और वीडियो वायरल हो रहे हैं, और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या वे सच में अपने ऐलान पर कायम रहेंगे या यह सिर्फ उस समय की राजनीतिक प्रतिक्रिया थी।
बिहार की राजनीति इस वक्त निर्णायक मोड़ पर खड़ी है। आने वाले दिनों में साफ होगा कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद राज्य में किसे मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलती है और उनके समर्थक नेताओं की राजनीतिक रणनीति क्या रहती है। वहीं मोकामा विधायक अनंत सिंह के इस्तीफे को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
कुल मिलाकर, नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार की सियासत में नया अध्याय खोल रहा है, और इस बयान ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले समय में इन सवालों के जवाब ही राज्य की राजनीति की दिशा तय करेंगे।