समस्तीपुर की बेटी डॉ. दीपाली महतो ने रचा इतिहास, UPSC 2025 में 36वां रैंक हासिल कर बनीं IAS

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा की रहने वाली डॉ. दीपाली महतो ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की वर्ष 2025 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 36वां रैंक प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे रोसड़ा शहर और समस्तीपुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

यूपीएससी परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। इसमें सफलता प्राप्त करने के लिए वर्षों की कड़ी मेहनत, धैर्य और मजबूत इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। डॉ. दीपाली महतो ने इन सभी चुनौतियों को पार करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

डॉ. दीपाली महतो रोसड़ा के कटहरबन्नी मोहल्ला की रहने वाली हैं। उनके पिता संजय कुमार महतो सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता सुलेखा देवी हैं। परिवार के लोगों के अनुसार दीपाली बचपन से ही पढ़ाई में काफी मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। वह स्वर्गीय वीरेंद्र महतो और राजकुमारी देवी की पौत्री हैं।

दीपाली की सफलता की खबर मिलते ही रोसड़ा और समस्तीपुर में लोगों ने खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी बड़ी प्रेरणा मिलेगी।

अब इस सफलता के बाद डॉ. दीपाली महतो भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी बनेंगी। एक आईएएस अधिकारी के रूप में वह प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

डॉ. दीपाली महतो की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्चे मन से की जाए, तो छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। आज वह न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

Share This Article