NEWS PR डेस्क: राहुल गाँधी के एक बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। Bharatiya Janata Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और अराजकतावादी मानसिकता का प्रतीक बताया।
नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय राजनीति की परंपरा आपसी सम्मान, सामाजिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है, लेकिन राहुल गांधी का बयान इन मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार और राजनीतिक निराशा अब राहुल गांधी के व्यवहार और भाषा में साफ दिखाई देने लगी है।

भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आतंकवाद व नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या नक्सलवाद को समाप्त करना, देश की सीमाओं की सुरक्षा करना और दुनिया में तिरंगे का सम्मान बढ़ाना गद्दारी कहलाएगा?
दरअसल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली के लोधवारी गांव में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर एक टिप्पणी की। उन्होंने विवादित बयान देते हुए दोनों को गद्दार कहा और देश बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में देश को गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण महंगाई में भारी बढ़ोतरी होगी। उनके अनुसार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, दाल और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़ सकते हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।