मुख्यमंत्री ने म्यूज़ियम सब-वे टनल परियोजना का किया कार्यारंभ, पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग (टनल) के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण मशीन का बटन दबाकर कार्य की शुरुआत कराई और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द और बेहतर ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल स्थल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में लगे प्रदर्शनों को देखने के लिए पर्यटकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से आने-जाने की सुविधा मिलेगी। इससे राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बढ़ने वाली पर्यटकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि टनल निर्माण के दौरान नेहरू पथ पर आवागमन प्रभावित न हो।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण किया। इस दौरान संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने परिसर में लगाए गए नए प्रदर्शनों, पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास और ऑफिसर्स हॉस्टल कैंपस तथा पार्क के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से बताया कि यहां बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग और क्लब हाउस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने स्ट्रक्चर को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण किया जाना आवश्यक है। नेहरू पथ के किनारे इस बहुमंजिला इमारत के बनने से आवासन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article