समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण पर निकलेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 10 से 14 मार्च तक 10 जिलों का करेंगे दौरा

Amit Singh

MEWS PR डेस्क : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण पर निकलने जा रहे हैं। इस चरण में वह 10 से 14 मार्च तक राज्य के 10 जिलों का दौरा करेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत 10 मार्च को सुपौल से करेंगे। उसी दिन वह मधेपुरा भी जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। 11 मार्च को मुख्यमंत्री अररिया और किशनगंज का दौरा करेंगे और कार्यक्रमों के बाद पुनः मधेपुरा लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे।

इसके बाद 12 मार्च को पूर्णिया और कटिहार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम तय किए गए हैं। वहीं 13 मार्च को वह सहरसा और खगड़िया का दौरा करेंगे। समृद्धि यात्रा के अंतिम दिन 14 मार्च को मुख्यमंत्री बेगूसराय और शेखपुरा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पटना लौट आएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा और सात निश्चय से जुड़ी योजनाओं सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे। साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। यात्रा के दौरान जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक तथा जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे।

इधर, रविवार को मुख्यमंत्री ने पटना में बिहार म्यूजियम और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग निर्माण परियोजना का भी शुभारंभ किया। उन्होंने टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) का बटन दबाकर खुदाई कार्य की शुरुआत कराई और निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। लगभग आधा किलोमीटर तक पैदल चलकर उन्होंने निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया। इस सुरंग का निर्माण लगभग 542 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

Share This Article