चिराग पासवान के बिहार लौटने का संकेत, मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज

Neha Nanhe
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को लेकर बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। जमुई के सांसद अरुण भारती ने कहा है कि अगर एनडीए के शीर्ष नेतृत्व की सहमति मिलती है तो चिराग पासवान बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं और मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पहले से ही चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग करती रही है।

अरुण भारती ने कहा कि चिराग पासवान लंबे समय से ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन के साथ काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि अगर उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा करने का मौका मिलता है तो वे अपने इस विजन के जरिए राज्य को विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चिराग पासवान खुद भी बिहार लौटकर राज्य की सेवा करने की इच्छा रखते हैं।

इसी दौरान सांसद अरुण भारती ने रविवार को जमुई रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

स्थानीय लोगों ने सांसद को बताया कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे विकास कार्य काफी धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्लेटफॉर्म पर शौचालय और पेयजल की बेहतर व्यवस्था करने की भी मांग रखी।

सांसद अरुण भारती ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि वे संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं का समाधान कराने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों को हो रही परेशानियों के बारे में वे मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से चर्चा करेंगे और जल्द सुधार कराने का प्रयास करेंगे।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के जमुई स्टेशन पर ठहराव की मांग भी सांसद के सामने रखी। उन्होंने ट्रेनों की सूची सौंपते हुए कहा कि अगर इन ट्रेनों का ठहराव यहां हो जाए तो क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे इस मांग को रेल मंत्री के सामने रखेंगे और इस दिशा में पहल करेंगे।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अमृत भारत योजना के तहत बन रहे स्टेशन के मुख्य भवन निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए।

सांसद के अचानक निरीक्षण की खबर मिलते ही स्टेशन परिसर में हलचल मच गई। बताया जाता है कि स्टेशन परिसर में कई जगह कचरा फैला हुआ था और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। जैसे ही स्टेशन प्रबंधक को सांसद के आने की सूचना मिली, वे तुरंत अपने कार्यालय से बाहर आ गए और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देने लगे। इसके बाद सफाई कर्मियों ने जल्दी-जल्दी स्टेशन परिसर की सफाई शुरू कर दी।

इस निरीक्षण के दौरान कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी सांसद के साथ मौजूद रहे। इनमें जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रूबेन कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, विजय सिंह, पंचानंद सिंह, रामदेव राव और शशि राव सहित कई अन्य लोग शामिल थे।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सांसद के हस्तक्षेप से स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article