पटना में देर रात पुलिस की कार्रवाई,सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना (दानापुर): राजधानी पटना के खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर रात करीब 12:50 बजे खगौल थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मोती चौक स्थित SBI ATM के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार युवकों की पहचान खगौल थाना क्षेत्र के आनंदपुरी निवासी विनोद कुमार के पुत्र अजय कुमार और छोटी बदलपुरा निवासी लक्ष्मण चौधरी के पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बीआर01डीडब्ल्यू2922 नंबर की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पहले भी दर्ज है आपराधिक मामला
इस मामले में खगौल थाना कांड संख्या 571/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अंशु कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में खगौल थाने में चोरी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। वहीं, दूसरे आरोपी अजय कुमार के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article