NEWS PR डेस्क: बिहार के नवादा जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही हलकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जदयू की नवादा विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजवल्लभ प्रसाद यादव के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार का सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार अपनी थार गाड़ी से घर से निकले थे। मुफस्सिल क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पटना के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में कोहराम मच गया। पटना से उनका पार्थिव शरीर नवादा स्थित पैतृक आवास लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
अखिलेश कुमार राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन अपने सरल और विनम्र स्वभाव के कारण परिवार और समाज में बेहद प्रिय थे। घर के सबसे छोटे सदस्य के रूप में उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की कोशिश कर रहे हैं।