नवादा में STF की बड़ी कार्रवाई: PLFI के दो सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार-बारूद बरामद

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: नवादा, 21 मार्च। बिहार STF और नवादा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित संगठन PLFI के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष ऑपरेशन के दौरान की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे और इलाके में संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे। समय रहते मिली सटीक जानकारी के आधार पर STF और जिला पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो .315 बोर राइफल, 20 जिंदा कारतूस, डेटोनेटर, टेक्निकल उपकरण और करीब 40 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इसके अलावा लगभग 100 मीटर कॉर्डेक्स वायर भी बरामद किया गया है, जो किसी बड़े हमले की तैयारी की ओर इशारा करता है।

गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान दयानंद राजवंशी और मिथलेश राजवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। लहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

इस संबंध में रजौली थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article