बिहार दिवस पर निकाली गई भव्य प्रभातफेरी, ‘विकसित बिहार’ का लिया संकल्प

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 22 मार्च । बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को मधुबनी जिले में उत्सव और गर्व का माहौल देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही वाट्सन उच्च विद्यालय परिसर से भव्य प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने हाथों में तख्तियां और तिरंगा लेकर ‘जय बिहार’, ‘बढ़ेगा बिहार’ और ‘शिक्षित बिहार-विकसित बिहार’ जैसे गगनभेदी नारे लगाए। प्रभातफेरी का उद्देश्य बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना और नई पीढ़ी को राज्य के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना था।

इस दौरान बच्चों ने लोकगीतों और बैंड-बाजे की धुन पर एकता और उत्साह का संदेश दिया। प्रभातफेरी के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति और बालिका शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम को जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडेय, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नितेश पाठक तथा वरीय उप समाहर्ता बिरजू दास सहित कई अधिकारियों की उपस्थिति ने और भी गरिमा प्रदान की।

Share This Article