NEWS PR डेस्क :– बिहार के आरा में शुभकरण गंज दोहरे हत्याकांड के बाद सियासत गरमा गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने आरा पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख बांटा और हर कदम पर साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। वहीं, इस घटना को लेकर पप्पू यादव ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर दोहरे हत्याकांड के बाद पप्पू यादव ने सरकार से क्या मांग की? देखिए पूरी रिपोर्ट।
दरअसल, आरा के शुभकरण गंज में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही घटना में दो लोगों की हत्या के बाद पीड़ित परिवार के घर मातम पसरा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
उन्होंने परिजनों से बातचीत की और इस मुश्किल घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
परिवार से मुलाकात के दौरान पप्पू यादव ने भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान परिजनों का दर्द और आक्रोश साफ दिखाई दिया।
वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने दोहरे हत्याकांड को लेकर चिंता जताई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की जरूरत पर जोर दिया।
बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;-