नीतीश के करीबी केसी त्यागी का नया सियासी सफर होगा शुरू, आज हो सकती है RLD में शामिल होने की घोषणा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 22 मार्च। देश की राजनीति में आज एक अहम घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। जदयू के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी के राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस पर औपचारिक मुहर लग सकती है।

इस कार्यक्रम में RLD प्रमुख जयंत चौधरी की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बना रही है। “किसान समृद्धि गोष्ठी” के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम के निमंत्रण पत्रों में केसी त्यागी और जयंत चौधरी की तस्वीरें एक साथ होने से सियासी संकेत और स्पष्ट माने जा रहे हैं।

जयंत चौधरी पहले ही सार्वजनिक रूप से केसी त्यागी को अपना पुराना सहयोगी बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि त्यागी का संबंध चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की राजनीतिक विरासत से रहा है। दोनों नेताओं के बीच हालिया बातचीत ने भी इस संभावित गठजोड़ को बल दिया है।

गौरतलब है कि केसी त्यागी लंबे समय तक नीतीश कुमार के करीबी माने जाते रहे, लेकिन बीते समय में उनका पार्टी में प्रभाव कम होता गया। उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया और उन्हें पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से हटाया जा चुका है।

Share This Article