NEWS PR डेस्क पटना/अरवल, 23 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान अरवल जिले को बड़ी सौगात देते हुए 153 करोड़ रुपये की 272 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 90 करोड़ रुपये की लागत से 250 योजनाओं का उद्घाटन और 63 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अबगीला पंचायत के ईटवां बाजार में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सामुदायिक स्वच्छता परिसर और सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत सुधा मिल्क बूथ का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। साथ ही राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, ईटवां में हुए उन्नयन कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खगोल विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट लर्निंग हब और आईएसएम लैब का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के तहत लाभुकों को सहायता राशि का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया। विद्यालय परिसर में कराटे का प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बेलखरा स्थित प्रस्तावित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक साथ कई विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं का जीर्णोद्धार, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों का निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना और अटल कला भवन जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को व्यापक लाभ होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और कई लाभार्थियों के बीच योजनाओं का वितरण किया। इसमें जीविका समूहों को 101 करोड़ रुपये का बैंक ऋण, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगजन के लिए ट्राई साइकिल, ग्राम परिवहन योजना के तहत सहायता सहित कई योजनाएं शामिल रहीं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, दीपक प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी मौजूद रहे।