NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 01 अप्रैल। बिहार के भागलपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है। लोदीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 38 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 31 मार्च 2026 को लोदीपुर थाना क्षेत्र के पासवान टोला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान फूटो पासवान के रूप में हुई, जिसके पास से 12.960 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए आशीष मंडल को भी धर दबोचा। उसके पास से 25.413 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इस तरह कुल 38.373 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया है।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।