NEWS PR डेस्क : – बिहार विधान परिषद को आज आठ नए विधान पार्षद मिल गए हैं। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से नवनिर्वाचित सभी आठ सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। पटना स्थित बिहार विधान परिषद के उप भवन सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि इस समारोह में सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए।
23 नवंबर को आयोजित इस समारोह में बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रोफेसर रामवचन राय ने सभी आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में डॉ. संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राहुल राज, नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, बंशीधर ब्रजवासी और डॉ. एनके यादव शामिल हैं।
शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। इस दौरान नेताओं के बीच मुलाकात और बातचीत का सिलसिला भी देखने को मिला।
समारोह में सत्ता और विपक्ष के दिग्गज रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्रियों के अलावा ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह मौजूद रहीं।
वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया।
आठ नए MLC के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां
इन आठ नए विधान पार्षदों के सदन में आने से विधान परिषद में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत हुई है। अब इन सदस्यों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के शिक्षकों, स्नातकों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने की उम्मीद होगी।
खासकर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याएं, रोजगार और युवाओं से जुड़े सवालों पर इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।
कुल मिलाकर, बिहार विधान परिषद का यह शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक लिहाज से भी खास रहा, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर तेजस्वी यादव तक कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए।