भागलपुर के सैंडिश मैदान में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में महिलाओं ने जोरदार कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम युवा एकता सामाजिक संगठन के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च निकाला और महिला आरक्षण बिल के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई। प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी दलों द्वारा बिल के विरोध पर कड़ी नाराजगी जताई।
क्या बोले प्रदर्शनकारी?
महिलाओं का कहना था कि महिला आरक्षण बिल देश की आधी आबादी को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, इस बिल का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।कार्यक्रम के आयोजक ओम प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि वे पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे, लेकिन महिला आरक्षण बिल के विरोध से आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा राजनीति से ऊपर है और महिलाओं के सम्मान व अधिकारों से जुड़ा हुआ है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस बिल से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और समाज में उनकी स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने केंद्र सरकार के कदम का समर्थन करते हुए विपक्ष से इस मुद्दे पर राजनीति न करने की अपील की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
भागलपुर में महिला आरक्षण के समर्थन में कैंडल मार्च, विपक्ष के विरोध पर जताई नाराजगी
The flame of women's rights was lit, the voice of empowerment arose from Bhagalpur