बिहार की राजनीति में तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अलग अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। अपनी अनोखी शैली और आध्यात्मिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप इस बार राजनीतिक बयानबाज़ी से दूर भक्ति में लीन नजर आए हैं। हाल ही में साझा किए गए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने खुद को महाकाल का भक्त बताते हुए एक संदेश दिया, जिसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। तस्वीरों में वे ध्यानमग्न मुद्रा में भगवान शिव की आराधना करते दिखाई दे रहे हैं, जो उनके आध्यात्मिक रुझान को दर्शाता है।
समय आने पर सबको जवाब मिलता है
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट के जरिए इशारों-इशारों में विरोधियों को चेतावनी भी दी। उन्होंने यह जताने की कोशिश की कि उनकी आस्था ही उनकी ताकत है और समय आने पर सबको जवाब मिलता है। उनका यह अंदाज़ नया नहीं है—कभी कृष्णा का रूप धारण कर बांसुरी बजाते हुए, तो कभी शिवभक्त बनकर साधना करते हुए वे पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। बता दें कि बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वे ध्यान और भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में वे भगवान शिव और महाकाल की आराधना करते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने महाकाल के प्रति अपनी आस्था और विश्वास को व्यक्त किया।
जो महाकाल के भक्त को दुश्मन बनाएगा..
तेज प्रताप ने X पर लिखा है, “महाकाल के भक्त तेज प्रताप यादव का नाम पूरे इलाके में श्रद्धा और साहस के साथ लिया जाता है, लोग कहते है, जो सच्चे दिल से महाकाल की भक्ति करता है, उसे कोई हानि नहीं पहुंचा सकता। एक बार कुछ लोगों ने उनसे दुश्मनी मोल लेने की कोशिश की, लेकिन समय ने उन्हें सिखा दिया कि महाकाल के भक्त से टकराना आसान नहीं होता। तेज प्रताप यादव हमेशा यही कहते- जो महाकाल के भक्त को दुश्मन बनाएगा, वो इस संसार में टिक नहीं पाएगा, क्योंकि उसके साथ स्वयं महाकाल की शक्ति होती है। हर-हर महादेव!’।”
महाकाल की भक्ति में डूबे तेज प्रताप यादव, आध्यात्मिक अंदाज में विरोधियों को दिया सियासी संदेश
Tej Pratap Yadav immersed in devotion to Mahakal, shared pictures on social media