बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के धनजी कॉलोनी का है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’ नामक दुकान में दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी पहुंचे। सभी बदमाश हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो सके। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने पिस्टल निकालकर मौजूद लोगों को गन पॉइंट पर ले लिया और एक कोने में बंधक बना दिया। इसके बाद बेहद सुनियोजित तरीके से तिजोरी और काउंटर में रखे जेवरात लूट लिए।
15–20 लाख के जेवरात लूटे
अपराधियों ने करीब 100 ग्राम सोना और 3 से 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण समेत कुल 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात महज पांच मिनट में अंजाम दे दी गई। डकैती का विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान के मालिक धनंजय कुमार पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्राहकों को बनाया बंधक
घटना के समय दुकान में तीन ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों ने सभी को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर रखा, जिससे कोई भी विरोध न कर सके। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पांच अपराधियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बिहार में बढ़ते अपराध पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस डकैती के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। पिछले कुछ समय से बिहार में लूट, चोरी और हत्या जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल बनता जा रहा है। पटना में हुई यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अपराधी कितनी बेखौफ तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द अपराधियों को पकड़ पाती है और क्या इससे अपराध पर लगाम लग पाएगी।
बिहार में बेखौफ अपराधी:पटना में 5 मिनट में 20 लाख की लूट, विरोध करने पर दुकानदार पर हमला
Criminals fearless in Bihar