बिहार में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की आशंका अब बच्चों की पढ़ाई को भी प्रभावित करने लगी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने सोमवार को आदेश जारी कर कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है।
कक्षाएं अब दोपहर 12:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी
जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 5 तक, प्री-प्राइमरी और आंगनबाड़ी केंद्रों की कक्षाएं अब दोपहर 12:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी। यानी इन कक्षाओं के छात्रों की छुट्टी 12:30 बजे तक करना अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्रों के लिए फिलहाल किसी प्रकार की समय सीमा तय नहीं की गई है।
आदेश 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा
यह आदेश 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर के समय बढ़ते तापमान और तेज गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। राजधानी पटना में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। ऐसे में हीटवेव का खतरा भी बढ़ गया है।
बड़ी कक्षाओं के समय में भी बदलाव किया जा सकता है
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि यदि स्थिति और गंभीर होती है, तो बड़ी कक्षाओं के समय में भी बदलाव किया जा सकता है या फिर स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जा सकती हैं। गौरतलब है कि 6 अप्रैल से ही बिहार के सरकारी स्कूलों का संचालन सुबह की पाली में किया जा रहा है, जिसकी टाइमिंग सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक है। हालांकि, कई निजी स्कूल अब तक दोपहर बाद भी कक्षाएं चला रहे थे। डीएम के इस नए आदेश के बाद अब सभी स्कूलों को इसका सख्ती से पालन करना होगा, जिससे खासकर छोटे बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।
पटना में गर्मी का कहर: छोटे बच्चों के लिए बदला स्कूल टाइम
Breaking the scorching heat: School timings changed for children's health