भीषण गर्मी में फेल हुआ नगर निगम का प्याऊ, उद्घाटन के 3 घंटे बाद ही सूखा नल

Attempts to provide relief from the scorching heat failed, the water tap closed within hours of its inauguration

Neha Nanhe

रोहतास जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। चिलचिलाती धूप और गर्म पछुआ हवाओं के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम लोगों की हालत बेहाल है। इसी बीच राहत के नाम पर नगर निगम द्वारा शहर में एक-दो स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई, लेकिन यह पहल भी लापरवाही और संवेदनहीनता की भेंट चढ़ गई।
उद्घाटन के कुछ घंटों बाद ही खत्म हुआ पानी
हैरानी की बात यह रही कि जिस प्याऊ का उद्घाटन मेयर काजल कुमारी ने नगर आयुक्त विकास कुमार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया, वहां महज तीन घंटे के भीतर ही पानी खत्म हो गया। भीषण गर्मी में जब राहगीर अपनी प्यास बुझाने पहुंचे, तो उन्हें सूखा नल देखकर निराश लौटना पड़ा।
व्यवस्था का अभाव, जिम्मेदारी तय नहीं
बता दें कि पानी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी। न ही किसी कर्मचारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसके कारण प्याऊ पूरी तरह निष्क्रिय हो गया। भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
नगर निगम केवल दिखावे के लिए प्याऊ खोलता है
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम केवल दिखावे के लिए प्याऊ खोलता है। उद्घाटन के समय फोटो खिंचवाकर अपनी पीठ थपथपाता है, लेकिन असल में जनता को कोई सुविधा नहीं मिलती। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्याऊ की नियमित निगरानी की जाए। पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित हो। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
रोहतास से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

Share This Article