LPG की कमी पर बिहार सरकार का समाधान, गरीबों को मिलेगा सस्ता कुकिंग कोयला

Relief for the poor amid the LPG crisis, cooking coal will now be available at cheaper rates from ration shops

Neha Nanhe

देश में बढ़ती ईंधन समस्या और रसोई गैस (LPG) की किल्लत के बीच बिहार सरकार ने आम लोगों, खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य में जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से “कुकिंग कोयला” की आपूर्ति और वितरण किया जाएगा। खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे LPG की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ा है। इसी को देखते हुए सरकार ने खाना पकाने के लिए कोयले को वैकल्पिक ईंधन के रूप में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
किन्हें मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत आने वाले लाभुकों को मिलेगा, जिनमें शामिल हैं। अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के लाभार्थी, प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) श्रेणी के उपभोक्ता,इन सभी को किफायती दर पर कुकिंग कोयला उपलब्ध कराया जाएगा। खाद विभाग ने सभी जिलाधिकारियों, परिवहन विभाग और खान एवं भूतत्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बिहार राज्य खनन निगम लिमिटेड (BSMCL) को कोयले की आपूर्ति और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राशन दुकानदारों को भी कुकिंग कोयले का आवंटन और वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों को सस्ती और सुलभ ईंधन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गैस की कमी के बीच उन्हें खाना बनाने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि इस व्यवस्था को जल्द से जल्द प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।

Share This Article