भागलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नाबालिग गिरफ्तार

नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी, भागलपुर में बड़ा खुलासा—अवैध कारोबार पर करारा प्रहार

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बबरगंज थाना क्षेत्र के चौधरीडीह रेलवे ढाला के पास कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया आरोपी एक विधि-विरुद्ध बालक है, जिसे तुरंत निरुद्ध कर लिया गया।
इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई में बबरगंज थाना की थानाध्यक्ष दिव्या कुमारी, पुअनि अनीशा राज, सिपाही पिंटू चौधरी और महिला सिपाही प्रियंका कुमारी शामिल रहीं। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article