बिहार विधान परिषद उपचुनाव: अरविंद शर्मा ने भरा नामांकन, एनडीए की एकजुटता का प्रदर्शन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार विधान परिषद की रिक्त सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 12 मई को प्रस्तावित चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यह सीट पूर्व मंत्री मंगल पांडे के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

नामांकन के मौके पर एनडीए की ताकत साफ दिखाई दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, JDU विद्यायक दल के नेता श्रवण कुमार, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए उम्मीदवार को जीत का भरोसा दिलाया।

अरविंद शर्मा को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का करीबी माना जाता है और वे उनके कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन के भीतर उनकी पहचान एक शांत, रणनीतिक और परिणाम केंद्रित नेता के रूप में रही है, जिसके चलते पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।

विधानसभा में एनडीए के पास बहुमत होने के कारण इस चुनाव में अरविंद शर्मा की स्थिति बेहद मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि यदि विपक्ष ने उम्मीदवार नहीं उतारा तो उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित किया जा सकता है, जिससे 12 मई को मतदान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

इस सीट का कार्यकाल 6 मई 2030 तक रहेगा। नामांकन के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और पार्टी इसे संगठनात्मक मजबूती तथा नेतृत्व के प्रति विश्वास का संकेत मान रही है।

Share This Article