छठ खत्म होते ही परदेस लौटने लगे बिहारी मजदूर, आरा स्टेशन पर उमड़ी भीड़; ट्रेनों में भारी वेटिंग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:लोकआस्था का महापर्व छठ संपन्न होते ही बिहार से प्रवासी मजदूरों और कामगारों के दूसरे राज्यों में लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। त्योहार के दौरान अपने परिवार और गांव के बीच खुशियों के पल बिताने के बाद अब एक बार फिर रोजी-रोटी की तलाश में लोग अपनी कर्मभूमि की ओर निकल पड़े हैं। भोजपुर जिले के आरा रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

आरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब, हरियाणा और केरल समेत देश के अलग-अलग राज्यों में जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है, जबकि जनरल डिब्बों में भी पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में अपने काम पर लौटने वाले मजदूरों और कामगारों को सफर के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

चार दिनों तक छठ महापर्व की खुशियों में शामिल रहने के बाद अब इन परिवारों के लिए विदाई का वक्त आ गया है। कोई दिल्ली जा रहा है तो कोई मुंबई, सूरत और पंजाब की ओर रवाना हो रहा है। रेलवे स्टेशन पर कहीं सामान लेकर ट्रेन का इंतजार करते लोग नजर आ रहे हैं, तो कहीं ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है।

प्रवासियों के लिए यह वापसी सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि परिवार से दूर रहने की मजबूरी भी है। घर से निकलते वक्त लोग अपने साथ छठी मैया का प्रसाद ठेकुआ, परिवार की यादें और अपनों का आशीर्वाद लेकर जा रहे हैं। त्योहार की खुशियां पीछे छूट गई हैं और अब फिर शुरू होगी काम, मेहनत और जिम्मेदारियों की जिंदगी। बेहतर भविष्य और परिवार के भरण-पोषण की उम्मीद में बिहारी कामगार एक बार फिर परदेस की राह पर निकल पड़े हैं।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article