मोतिहारी में 8 हजार की रिश्वत लेते निजी दलाल गिरफ्तार, जमीन के दाखिल-खारिज के लिए मांगी थी घूस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में एक निजी दलाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्याम कुमार के रूप में हुई है। उसे 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए छतौनी स्थित आर्य समाज मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस मामले में परिवादी रूपेश शर्मा ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार और उनका निजी दलाल श्याम कुमार जमीन के परिमार्जन और दाखिल-खारिज के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। इस दौरान दोनों आरोपियों की ओर से रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 134/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया। मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक रणजीत कुमार निराला के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। 19 नवंबर 2026 को टीम ने छतौनी के आर्य समाज मंदिर के पास जाल बिछाया और श्याम कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के 134 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि एक मामला दूसरे जिले से स्थानांतरित हुआ है। इस साल यह 122वां ट्रैप केस है। अब तक 121 आरोपियों को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। कुल 45 लाख 68 हजार 400 रुपये नकद और 37 हजार रुपये की वाशिंग मशीन जब्त की गई है। वहीं, वर्ष 2025 में 101 ट्रैप केस दर्ज हुए थे। इस दौरान 37 लाख 80 हजार 300 रुपये नकद और 19,800 रुपये की वाशिंग मशीन जब्त की गई थी।

Share This Article