बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार को पटना समेत राज्य के करीब 16 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया और जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर सामान बिखर गए, वहीं पटना एयरपोर्ट के बाहर टाइल्स टूटकर गिरने की घटना भी सामने आई। नौबतपुर और बिहटा जैसे इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग (IMD) ने पूरे बिहार के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें 15 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट शामिल हैं। विभाग के अनुसार कई जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट आई है और अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि पटना में यह करीब 29 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की सलाह
मौसम विभाग की माने तो इस तरह के मौसम के पीछे प्री-मानसून गतिविधियां मुख्य वजह हैं, जिनमें बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, पश्चिमी विक्षोभ का असर और स्थानीय स्तर पर तापमान व नमी के टकराव से तेजी से बन रहे बादल शामिल हैं, जिससे गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की स्थिति बन रही है। फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बिहार में मौसम का कहर: पटना समेत 16 जिलों में आंधी-बारिश, IMD का रेड अलर्ट
तेज हवाएं, बिजली और झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, लेकिन खतरा बरकरार