NEWS PR डेस्क: पटना, 7 मई। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। विभागीय सचिव जय सिंह ने नव पदस्थापित बन्दोबस्त पदाधिकारियों से गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सर्वे कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा।
गुरुवार को राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में आयोजित प्रशिक्षण एवं क्षमतावर्द्धन कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सचिव जय सिंह ने कहा कि बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यक्रम केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने और आम लोगों के जमीन संबंधी अधिकारों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य में लगे अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे तकनीकी दक्षता के साथ पारदर्शी तरीके से कार्य करें, ताकि लोगों को सही और अद्यतन भूमि अभिलेख उपलब्ध हो सकें। कार्यक्रम के दौरान बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त अधिनियम, 2011 तथा उसमें समय-समय पर किए गए संशोधनों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं सर्वेक्षण कर्मियों को कर्तव्यों और दायित्वों के साथ-साथ प्रपत्र-1 से 25 तक की प्रक्रियाओं, ग्राम अभिलेखों के संधारण और तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इसके अलावा भू-सर्वेक्षण सॉफ्टवेयर, आर-टू-आर सॉफ्टवेयर, शिविर स्कैन रिपोर्ट और भू-नक्शा सॉफ्टवेयर के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

एमआईएस और सीवीएमएस प्रणाली के माध्यम से सर्वे कार्यों की निगरानी और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से भी पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। विभागीय अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने विशेष सर्वेक्षण कार्यों में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।
राज्य में चल रहे बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में औरंगाबाद, बेगूसराय, वैशाली, जहानाबाद, पूर्णिया, सुपौल, जमुई, सारण, रोहतास और नालंदा जिलों के नव पदस्थापित बन्दोबस्त पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत, विशेष कार्य पदाधिकारी नवाजिश अख्तर समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।