मिथिला की ऐतिहासिक धरोहर बलिराजगढ़ के संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, बनेगी बाउंड्री वॉल और लगेंगे CCTV

Amit Singh
मिथिला की ऐतिहासिक धरोहर बलिराजगढ़ के संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, बनेगी बाउंड्री वॉल और लगेंगे CCTV
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 10 मई। जिला प्रशासन ने भवन निर्माण और पथ निर्माण विभाग की प्रमुख योजनाओं की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। शनिवार देर शाम समाहरणालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने की, जिसमें जिले में चल रही टॉप-10 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भवन निर्माण प्रमंडल मधुबनी तथा पथ निर्माण विभाग के मधुबनी और झंझारपुर प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, कार्य गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान ऐतिहासिक महत्व वाले बलिराजगढ़ खुदाई स्थल के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थल की सुरक्षा के लिए चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मिथिला की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है और इसके संरक्षण को लेकर प्रशासन गंभीर है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बैठक में पथ निर्माण विभाग की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से खुटौना बाजार से तेनुआही सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

वहीं भवन निर्माण प्रमंडल के अंतर्गत सरकारी भवनों, छात्रावासों, प्रशासनिक भवनों और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक सहित भवन निर्माण और पथ निर्माण विभाग के कई अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article