गया. सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में गया की बेटी ने अपनी प्रतिभा दिखाई है. गया की बेटी माही कुमारी ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स में 99.8 प्रतिशत अंक लाकर देश के टॉप स्कोरर्स में अपना स्थान बनाया है. खास बात यह है, कि बिहार का मान बढ़ाने वाली माही कुमारी के पिता कपड़े की छोटी सी दुकान संचालित करते हैं.

गया की बेटी ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स में किया कमाल
गया की बेटी माही कुमारी ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में कमाल किया है. गया की इस बेटी ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स की परीक्षा में 99.8% अंक हासिल किए हैं. 500 अंक में 499 अंक इसने हासिल किया है. इस तरह बिहार के गया की बेटी माही ने देश के टॉप स्कोरर्स में अपना स्थान बनाया है. माही की सफलता पर उसके माता-पिता को गर्व है. घर में खुशी का माहौल बन गया है.
पिता की कपड़े की छोटी सी दुकान, ढोलकिया गली की है रहने वाली

बिहार की प्रतिभावान बेटी माही कुमारी गया शहर के स्वराजपुरी रोड स्थित ढोलकिया गली की रहने वाली है. माही कुमारी का परिवार मध्यम वर्गीय परिवार है. इसके पिता मनोज कुमार की एक छोटी सी कपड़े की दुकान है. गया शहर के स्वराजपुरी रोड स्थित ढोलकिया गली की रहने वाली माही कुमारी ने साबित कर दिया है, कि परिस्थिति चाहे लाख विपरीत हो, हौसलों और मेहनत से मुकाम हासिल किया जा सकता है. माही ने यह सच साबित कर दिखाया है. 500 अंक में 499 अंक लाकर देश में सर्वोच्च स्कोरर्स में वह शामिल हो गई है. माही का नाम आज देश स्तर पर चर्चा में आ गया है.

मुफलिसी के बीच पाई सफलता
माही कुमारी ने अपने घर की मुफलिसी वाली स्थिति के बीच यह सफलता पाई है. जहां उसके पिता मनोज कुमार छोटे कपड़े की दुकान चलाते हैं. वही उसकी मां गृहिणी है. माही ने यह कमाल उस हालत में प्राप्त किया है, जहां से सफलता पाना एक मुश्किल भरा काम होता है. किंतु सारे हालातो को पीछे छोड़ते हुए गया की बेटी माही ने दुर्लभ सफलता प्राप्त की है. माही कुमारी दो बहन हैं. माही छोटी बहन है. माही की शुरुआती शिक्षा गया के साधारण स्कूल से शुरू हुई और फिर दया प्रकाश सरस्वती विद्या मंदिर और केंद्रीय विद्यालय 1 की वह छात्रा रही. केंद्रीय विद्यालय 1 से उसने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और अब सीबीएसई 12वीं कॉमर्स में उसने 500 में से 499 अंक लाकर इस तरह से बड़ी उपलब्धि प्राप्त कर ली है.
कड़ी मेहनत और माता-पिता के सहयोग से मिली सफलता
वही, रिजल्ट आने के बाद माही भी काफी खुश है. घर में मिठाइयां बांटी जा रही है. मोहल्ले के लोगों के साथ-साथ इसकी जानकारी होने के बाद अन्य कई और लोग उसके घरों पर पहुंच रहे हैं और बधाई दे रहे हैं. वही माही कुमारी का कहना है, कि कड़ी मेहनत और माता-पिता का सहयोग से उसे यह सफलता मिली है. सफलता के लिए अनुशासित होना भी जरूरी है.
बड़ी बहन ने भी कॉमर्स में लाया था 98.8 प्रतिशत अंक
पिछले साल भी माही के परिवार के लिए खुशी का सबब बना था. माही की बहन मोलिसा कुमारी ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स में 98.8 प्रतिशत अंक लाकर पटना रीजन में टॉप किया था. इस बार 2026 में छोटी बहन माही कुमारी ने एक दुर्लभ सफलता हासिल की है. गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट