उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, दियारा के गंगा घाटों पर दिखी आस्था की अद्भुत तस्वीर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हो गया। इस मौके पर राजधानी पटना के दानापुर स्थित दियारा क्षेत्र के गंगा घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठे।दानापुर के दियारा क्षेत्र स्थित गंगा घाटों पर अहले सुबह से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रतियों ने गंगा की पवित्र धारा में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

न्यूज़ PR संवाददाता पशुपतिनाथ शर्मा ने दानापुर के दियारा क्षेत्र के गंगा घाटों पर पहुंचकर छठ महापर्व की इन खूबसूरत तस्वीरों को कैमरे में कैद किया। इससे पहले घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा दिखाया गया था, वहीं अब उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते छठ व्रतियों की आस्था और भक्ति की तस्वीरें सामने आई हैं।गौरतलब है कि चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में छठ व्रतियों ने 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। सोमवार की सुबह अर्घ्य देने के बाद व्रती घर लौटकर विधि-विधान से पारण करेंगी।इसी के साथ सूर्य उपासना, तपस्या, शुद्धता और लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया। दानापुर के दियारा घाटों पर दिखी श्रद्धा की ये तस्वीरें एक बार फिर बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा की झलक पेश कर गईं।

Share This Article