पटना के मीनार घाट पर पहुंचीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, छठी मैया की आराधना कर दिया अर्घ्य

Rashmi Tiwari

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा पूरे बिहार में देखते ही बन रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के तीसरे दिन राजधानी पटना के गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे श्रद्धा भाव के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस भक्तिमय माहौल के बीच भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी छठ पूजा में शामिल होने पटना के मीनार घाट पहुंचीं।अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मीनार घाट पर पहुंचकर पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पारंपरिक छठ पूजा के रंग में रंगी अक्षरा सिंह को देखने के लिए घाट पर मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया।

मीनार घाट पर छठ पूजा को लेकर विशेष रौनक देखने को मिली। घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। कोई सिर पर दउरा लेकर घाट पहुंचा तो कोई सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटा रहा। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से पूरा घाट गुंजायमान रहा।गौरतलब है कि छठ महापर्व बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और अटूट आस्था का प्रतीक है। इस पर्व में आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। अभिनेत्री अक्षरा सिंह की छठ पूजा में उपस्थिति ने भी घाट पर उत्साह और आकर्षण का माहौल बना दिया।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article