भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद सभापति राजकुमार गुड्डू की हत्या के छह दिन बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक सभापति को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

तेलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
सांसद पप्पू यादव अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ सुल्तानगंज स्थित मृतक सभापति राजकुमार गुड्डू के आवास पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने निजी कार्यालय में लगे राजकुमार गुड्डू के तेलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि के बाद पप्पू यादव ने मृतक की माता, पत्नी और सहयोगियों से मुलाकात की। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।

सरकार और अपराधियों पर बोला हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सुल्तानगंज लंबे समय से अपराधियों के प्रभाव में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल तस्वीरों में अपराधियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की तस्वीरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दी जानी चाहिए। पप्पू यादव ने मांग की कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।इस दौरान सांसद के साथ दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी।
रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, भागलपुर