बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर सोमवार को बधाइयों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व और बिहार के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। तारापुर के एक छोटे से गांव से निकलकर बिहार की सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने वाले सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर भी इस मौके पर चर्चा में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के विकास को नई गति देने और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने ईश्वर से उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आभार जताते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद, मार्गदर्शन और बिहार के प्रति विशेष स्नेह सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से काम करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।तारापुर से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का सफर
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित लखनपुर गांव में हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी राजनीति के चर्चित चेहरों में रहे हैं। सम्राट चौधरी ने वर्ष 1990 में राजद के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में उन्हें पहली बार मंत्री बनने का मौका मिला।
इसके बाद उन्होंने जदयू और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा का भी रुख किया। आगे चलकर भाजपा में शामिल होने के बाद उनका राजनीतिक कद लगातार बढ़ता गया। वे बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बने, फिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली।15 अप्रैल 2026 को उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह लखनपुर गांव से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर बिहार की सत्ता के सर्वोच्च पद तक पहुंचा। जन्मदिन के अवसर पर मिल रही शुभकामनाओं के बीच उनका यह राजनीतिक सफर भी चर्चा में है।
