NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 15 मई। लंबे समय से स्थिर चल रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आखिरकार बड़ा बदलाव हो गया है। देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत करीब 98 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी ईरान-अमेरिका तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण तेल कंपनियों पर भारी दबाव बढ़ गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जिससे सरकारी तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था।

सूत्रों के मुताबिक तेल कंपनियों को हर दिन लगभग एक हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा था। यही वजह है कि लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखने के बाद सरकार और तेल कंपनियों ने खुदरा दरों में वृद्धि का फैसला लिया।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपये से बढ़कर करीब 97.91 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर लगभग 90.78 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। देश के अन्य शहरों में भी स्थानीय टैक्स के आधार पर कीमतों में बदलाव देखा जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति और ईंधन आपूर्ति पर बने दबाव का असर आने वाले दिनों में भी बाजार पर पड़ सकता है। इससे परिवहन लागत बढ़ने और महंगाई पर अतिरिक्त दबाव बनने की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की थी। उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए अनावश्यक ईंधन खपत कम करने, सोने की खरीद टालने और गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी थी।
आर्थिक मोर्चे पर भी दबाव बढ़ता दिख रहा है। रुपये में गिरावट के कारण आयात महंगा हो रहा है और भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर स्थिति में पहुंच गई है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर डाल सकती है।