NEWS PR डेस्क: पटना/सीतामढ़ी, 15 मई 2026 : भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सीतामढ़ी जिले के पुपरी नगर परिषद कार्यालय में कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता विजय कुमार शर्मा को 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विजय कुमार शर्मा नगर परिषद कार्यालय, जनकपुर रोड, पुपरी में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत थे। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उन्हें नगर परिषद कार्यालय परिसर से रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा।

मामले में परिवादी मुरली मनोहर, निवासी पुपरी, जनकपुर रोड, जिला सीतामढ़ी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नगर परिषद पुपरी में उन्हें आवंटित दो कार्यों का भुगतान हो चुका है। दोनों योजनाओं की कुल राशि लगभग 1 करोड़ 68 लाख 79 हजार 600 रुपये थी। आरोप है कि संबंधित कार्यों के भुगतान और आगे नए कार्य आवंटित करने के एवज में कनीय अभियंता द्वारा 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 057/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को विजय कुमार शर्मा को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के उपरांत विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा।निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है।