एक दिन में लगाए 9 हजार पौधे, अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होगी सीतामढ़ी की महुआवा पंचायत

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 15 मई। बिहार के सीतामढ़ी जिले की महुआवा पंचायत ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 के तहत बथनाहा प्रखंड की महुआवा पंचायत का चयन “क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड (CASPA)” के लिए किया गया है। देशभर में इस पंचायत को तीसरा स्थान मिला है। पंचायत के मुखिया संजीव भूषण को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

महुआवा पंचायत ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक ही दिन में लगभग 9 हजार पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। पंचायत क्षेत्र में लगाए गए इन पौधों ने अब इलाके को हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पौधों की सुरक्षा के लिए कंटीले तारों से घेराबंदी भी कराई गई है ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

पंचायत ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक अभियान का रूप भी दिया है। यहां लड़कियों के जन्म पर घर के बाहर एक फलदार पौधा लगाने की अनिवार्य पहल शुरू की गई है। इस अभियान के तहत अब तक करीब 250 पौधे लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में पंचायत क्षेत्र में एक लाख से अधिक फलदार और औषधीय पेड़ मौजूद हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

वर्ष 2021 से पंचायत का नेतृत्व कर रहे मुखिया संजीव भूषण ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए पंचायत में सतत और समग्र विकास को नई दिशा दी है। खासतौर पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पंचायत ने कई उल्लेखनीय कदम उठाए हैं।

बॉयोगैस, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा पर विशेष फोकस

महुआवा पंचायत में ऊर्जा बचत और जल प्रबंधन के लिए भी कई प्रभावी पहल की गई हैं। जिन परिवारों के पास लगभग पांच पशु हैं, उन्हें बॉयोगैस प्लांट से जोड़ने की योजना शुरू की गई। इसके लिए 50 परिवारों को चिन्हित किया गया, जिनमें 12 परिवारों में बॉयोगैस प्लांट स्थापित हो चुके हैं। इससे प्रत्येक परिवार को हर महीने लगभग 2 हजार रुपये की बचत हो रही है।

इसके अलावा पंचायत में 35 से 60 कट्ठे तक क्षेत्रफल वाले 10 बड़े तालाब विकसित किए गए हैं, जहां मछली पालन के साथ-साथ जल संचयन का कार्य भी हो रहा है। नदियों के जीर्णोद्धार से भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिली है। पंचायत के विद्यालयों में सोलर प्लेट लगाए गए हैं और मिड-डे मील सहित विभिन्न गतिविधियों की निगरानी मोबाइल ऐप के जरिए की जा रही है।

मंत्री ने बताया प्रेरणास्रोत

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने महुआवा पंचायत की उपलब्धि पर मुखिया संजीव भूषण और पंचायतवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महुआवा पंचायत ने जलवायु और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे बिहार के लिए प्रेरणादायक है।

मंत्री ने कहा कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण, जल संचयन, बॉयोगैस प्लांट और सौर ऊर्जा के उपयोग जैसे प्रयास सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। ऐसे नवाचार ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article